झुलसे भाई के बहू की तहरीर पर पुलिस ने दो भाई समेत परिवार के सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने एक भाई को हिरासत में लिया है और मामले की छानबीन कर रही है।
बैरीपरवां निवासी मुमताज, भोला और शम्सुद्दीन (60) के बीच पुश्तैनी जमीन बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार की सुबह तीनों भाई एक बार फिर बंटवारे के लिए बातचीत कर रहे थे।
इस दौरान विवाद बढ़ता ही रहा। आरोप है कि शमसुद्दीन के भाइयों ने परिवार के लोगों के साथ मिलकर शम्सुद्दीन के ऊपर केरोसिन छिड़क कर आग लगा दी।
मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। सूचना पर एसओ सुरेंद्र पांडेय मयफोर्स पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से उसे महराजा चेतसिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चिंताजनक हालत में उसे रेफर कर दिया गया। स्वरूपरानी अस्पताल इलाहाबाद में उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
थानाध्यक्ष सुरेंद्र पांडेय ने बताया कि बहू सोनी पत्नी फारूक की तहरीर पर पुलिस ने भाई मुमताज, भोला, भतीजा वसीम समेत सात लोगों के खिलाफ आग लगाने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
आरोपियों में भोला को हिरासत में लिया गया है। शेष सभी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उधर, शम्सुद्दीन के भाइयों का कहना है कि उसने खुद ही केरोसिन छिड़ककर आग लगा ली है।