भदोही। कोतवाली क्षेत्र के रजपुरा औराई रोड स्थित सहारा इंडिया कार्यालय में कर्मचारियों ने एक निवेशक को मारपीट कर घायल कर दिया। निवेशक विमल जायसवाल के नईबाजार नगर पंचायत के सभासद और भाजपा नेता होने से मामले ने तूल पकड़ लिया और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता कोतवाली पहुंच गए। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि निवेश की परिपक्वता राशि मांगने के बदले में उसे कमरे में बंद कर अधिकारियों और कर्मचारियों ने मारा पीटा। कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच घंटों वार्ता के बाद सशर्त समझौता हो गया और उसके 25 हजार रुपये मिल गए।
विमल जायसवाल ने बताया कि उसने कंपनी की कई योजनाओं में निवेश किया है। एक निवेश में 75 हजार के बदले कंपनी 50 हजार दे चुकी है। बाकी के 25 हजार के लिए वह पांच महीने से कंपनी कार्यालय के चक्कर काट रहा था। गुरूवार को पुन: कार्यालय गया तो रूपये मांगने से विवाद बढ़ गया तथा अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें कमरे में बंद कर मारा पीटा। सूचना पर पहुंची डायल-100 पुलिस ने दोनो पक्षों को कोतवाली ले आई जहां देखते ही देखते भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जमा हो गए।
उधर सहारा इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रमोद कुमार पांडेय ने भी पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि सभासद कुछ साथियों के साथ कार्यालय में पहुंचे, गाली गलौच की और कुर्सियां तोड़ दी। कोतवाली पहुंचे वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में कंपनी के 25 हजार भुगतान करने पर मामले को रफा दफा किया गया। आश्वासन दिया कि कंपनी 31 जनवरी तक बाकी बकाया भी अदा करे। इस दौरान कोतवाली में पालिकाध्यक्ष अशोक जायसवाल, दिलीप गुप्ता, लालता सोनकर, विनीत बरनवाल, कामता चौरसिया, पप्पू तिवारी, मंटू गुप्ता आदि मौजूद रहे।