ज्ञानपुर। भदोही जिले में यूनिफाॅर्म, बैग के लिए पैसे का इंतजार कर रहे 19 हजार बच्चों के खाते में जल्द ही धनराशि डीबीटी की जाएगी। उनके आधार को वेरिफाई किया जा चुका है। 15 अगस्त से पहले सभी बच्चों के अभिभावकों के खाते में 1200-1200 रुपये की राशि भेजी जाएगी। इसे पूर्ण कराने में शिक्षा विभाग जुट गया है।
जिले में 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय हैं। इसमें अब तक एक लाख 37 हजार 710 बच्चे बच्चे पंजीकृत हैं। स्कूल चलो अभियान के तहत करीब 28 हजार नए बच्चों का प्रवेश लिया गया है।
इसके अलावा दूसरी, तीसरी, चौथी, पांचवीं से लेकर आठवीं तक के विद्यार्थियों का डाटा पहले से फीड है। जुलाई में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश भर के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को डीबीटी किया, लेकिन आधार समेत अन्य जरूरी दस्तावेज पूर्ण न होने के कारण कुल एक लाख सात हजार 631 बच्चों के खाते में ही यह रकम जा सकी। विभाग ने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश देकर बच्चों के आधार नंबर से लेकर अन्य जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। करीब एक महीने की मेहनत के बाद चार हजार बच्चों के अभिभावकों का खाता पीएफएमएस से जोड़ दिया गया, जबकि एक लाख 26 हजार 494 का आधार वेरिफाई किया जा चुका है।