चौरी। भदोही ब्लाॅक के वेदमनपुर गांव में पानी निकासी की समस्या बढ़ती जा रही है। तालाब में जाने वाला पानी अब उल्टा घरों में आ रहा है। इससे ग्रामीणों के सामने समस्या खड़ी हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल्द इस समस्या का समाधान नहीं निकाला गया तो स्थिति और बिगड़ सकती है।
ग्रामीण अंचलों में पानी निकासी कि समस्या कई स्थानों पर बनी हुई है लेकिन वेदमनपुर गांव एक अलग ही समस्या से जूझ रहा है। वेदमनपुर में मुस्लिम बस्ती के घरों का पानी बस्ती के बीच स्थित तालाब में जाता है और उसी में कूड़ा कचरा भी फेंका जाता है। उस तालाब की हालत अब यह हो गई है कि उसका पानी बह कर घरों तक पहुंच रहा है। नालियों के सहारे भी पानी तालाब घर की तरफ जा रहा है। तालाब की कभी सफाई नहीं की जाती है। कूडा करकट डंप होने से तालाब पट गया गया है। जुबैर अहमद, वसीम अंसारी, अरसद आलम ने बताया कि तालाब में पानी नहीं जा सकता है, इसलिए सफाई की जरूरत है। बरसात के दिन हालात तो और खराब हो जाते हैं। मांग की कि इस समस्या से निजात दिलाई जाए।