भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी के 'खूनी पंजा' वाले बयान पर करारा हमला बोलते हुए केंद्रीय इस्पात मंत्री और कांग्रेसी नेता बेनी प्रसाद वर्मा ने कहा कि देश को खूनी इंसान से बचाने की जरूरत है।
मोदी का नाम लिए बिना बेनी ने कहा कि चुनाव आयोग भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार की टिप्पणियों पर गौर कर रहा है। उन्होंने कहा, "इस देश को ऐसे खूनी इंसान से बचाए जाने की जरूरत है।"
उन्होंने कहा कि मोदी और सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव में कोई अंतर नहीं है। मुलायम पद, पैसा और परिवार के गुलाम हैं तो मोदी को पीएम की कुर्सी मिल जाने की खुशफहमी हो गई है।
बीएचयू में आयोजित भारतीय धातुकीय संसद के 67 वें सम्मेलन के समापन कार्यक्रम में शिरकत करने से पहले पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने नरेंद्र मोदी और मुलायम सिंह यादव दोनों पर सीधा निशाना साधा।
वर्मा ने कहा कि मोदी कांग्रेस को ‘खूनी पंजा’ कह रहे हैं। जिस इंसान की सोच इतनी छोटी हो वह देश का भला नहीं कर सकता। उन्होंने कहा, "मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि मोदी देश के लोगों की उम्मीदों पर कभी खरा नहीं उतरेंगे।"
इस्पात मंत्री ने गुजरात में बन रही सरदार पटेल की दुनिया की सबसे बड़ी मूर्ति पर हंसकर कहा, "इस्पात मंत्री मैं हूं और लोहा मोदी मांग रहे। पटेल के नाम पर मोदी केवल राजनीति कर रहे हैं। भाजपा को और न ही मोदी को पूर्वजों से कोई लेना-देना नहीं है।"