भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि इस बार भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ केंद्र में सरकार बनाएगी। जहां तक लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों की बात है तो पार्टी 15 जनवरी के बाद इस पर विचार करेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्वांचल की किसी भी सीट से नरेंद्र मोदी के लड़ने की संभावना नहीं है। बृहस्पतिवार को विंध्याचल धाम में मत्था टेकने आए राजनाथ पत्रकारों से मुखातिब थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा तीनों आपस में मिली हुई हैं। तीनों का आमजन से कोई सरोकार नहीं है। उत्तर प्रदेश में सरकार और कानून नाम की कोई चीज ही नहीं रह गई है।
कांग्रेस अपनी नाकामयाबी छिपाने के लिए सांप्रदायिकता का हव्वा खड़ा करती है। नरेंद्र मोदी से जुड़े एक सवाल पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक अंतरराष्ट्रीय संस्था ने आकलन किया है कि यदि वह प्रधानमंत्री बने तो देश की आर्थिक स्थिति सुधरेगी।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आतंकवाद के मुद्दे पर केंद्र सरकार का रवैया लचर है। सरकार को आतंकवाद के विरुद्ध वैश्विक माहौल तैयार करने की कोशिश करनी चाहिए। ठोस कार्ययोजना तैयार कर उसका समूल नाश करना चाहिए।
भाजपा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री की चीन यात्रा को पूर्णतया विफल बताया और कहा कि बीजिंग में चीन के प्रधानमंत्री के साथ मनमोहन सिंह ने जिस बार्डर डिफेंस कोआपरेशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किया है, उस पर उन्हें स्पष्टीकरण देना चाहिए, क्योंकि यह करार मनमोहन सिंह ने संसद को विश्वास में लिए बिना किया है।
एग्रीमेंट के आर्टिकल छह में प्रावधान है कि चीनी सेना गश्त के दौरान यदि देश की सीमा में प्रवेश कर जाएगी तो भारतीय सेना उसे पीछे नहीं करेगी। ऐसे में तो चीन लद्दाख तक कब्जा कर लेगा।
लाइन आफ एक्चुअल कंट्रोल को न मानने वाले चीन के साथ ऐसे समझौते की जरूरत ही क्या है? यह प्रधानमंत्री को बताना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश के लोगों को चीन आखिर नत्थी वीजा क्यों देता है? चीन के साथ किसी भी समझौते से पहले यही प्रश्न उठाना चाहिए अन्यथा हिंदुस्तान भी तिब्बत के लोगों को नत्थी वीजा जारी करे।