नगर बाजार (बस्ती)। थाना क्षेत्र के ग्राम गोटवा बाजार में आपसी विवाद में एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल के भाई की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
ग्राम गोटवा बाजार निवासी मन्नू गुप्ता ने नगर पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि सोमवार की रात करीब 10 बजे पटीदार प्रकाश, अनीस, आकाश व राज बहादुर ने पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान आरोपियों ने धारदार हथियार से लैस होकर बड़े भाई शिवबहादुर पर जानलेवा हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर गए।
उसने आरोप लगाया कि प्रकाश ने भाई के गले और सिर पर चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन गंभीर रूप से घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इस संबंध में थाना प्रभारी नगर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है।