कोतवाली परिसर में भरा बारिश का पानी।
- फोटो : BASTI
बारिश में सरकारी दफ्तरों में हुआ जलभराव
बस्ती। दो दिन से हो रही बारिश ने मौसम को सुहाना तो बना दिया पर कई सरकारी कार्यालय जलभराव के शिकार हो गए। शहर में स्थित जिला पंचायत कार्यालय, महिला अस्पताल और कोतवाली परिसर में जलभराव से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश ने लंबे समय बाद जोरदार दस्तक दी। इससे हर किसी के चेहरे पर मुस्कान बिखेरी, लेकिन जगह-जगह जलभराव होने से शहरियों को आवागमन में परेशानी भी उठानी पड़ी। शहर के कई हिस्से जलभराव का शिकार हो गए। शहर के मुख्य चौराहे के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी जलभराव हो गया। सरकारी कार्यालयों में भी पानी भर जाने से मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। महिला अस्पताल परिसर में में पानी भरने से यहां पर मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशान होना पड़ा। इलाज के लिए आए लोगों को जैसे तैसे इलाज कर वापस भेजा गया। झमाझम बारिश से शहर के कई मुहल्ले भी जलभराव का शिकार रहे। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि जलभराव वाले इलाकों में टीम भेजी गई है। पानी निकलवाया जा रहा है।