परीक्षा देकर केंद्र से बाहर निकलती छात्राएं। संवाद
- फोटो : baramula news
बस्ती। यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में बुधवार को कठिन विषयों की परीक्षा होने के कारण विद्यार्थियों का पसीना छूट गया। परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की अच्छी खासी भीड़ देखी गई। सुबह की पॉली में हाईस्कूल विज्ञान और शाम को द्वितीय पॉली में इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। विद्यार्थियों ने बताया कि इस बार पेपर कठिन रहा। इस वजह से कुछ प्रश्न छोड़ने पड़े।
दोनों पॉलियों में महत्वपूर्ण प्रश्न पत्रों की परीक्षा के चलते सख्ती भी काफी बरती गई। पांच सचल दल के अलावा स्टेटिक, सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्राें का जायजा लेते रहे। जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की लाइव निगरानी भी की गई। वहीं राज्य स्तर पर लाइव निगरानी की व्यवस्था बनाई गई है। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर सख्ती के चलते सन्नाटा पसरा रहा। इस दौरान किसी केंद्र से कोई आपत्तिजनक सूचना नहीं मिली।
सुबह की पॉली में हाईस्कूल विज्ञान विषय की परीक्षा कराई गई। इसमें पंजीकृत 39,007 में से 37,441 विद्यार्थी उपस्थित हुए। जबकि 1566 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसके अलावा हाईस्कूल संगीत गायन विषय में पंजीकृत 44 में से 42 लोगों ने परीक्षा दी। दो परीक्षार्थी अनुपस्थित हो गए। जबकि द्वितीय पॉली में इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान विषय की परीक्षा में पंजीकृत 30,332 में से 28,599 विद्यार्थी उपस्थित हुए। जबकि 1733 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के बाद बाहर निकली हाईस्कूल विज्ञान की छात्रा प्रियांशी ने कहा कि इस बार पेपर कठिन आया था। कुछ प्रश्न छोड़ने पड़े हैं, फिर भी पेपर ठीक हुआ है। इंटरमीडिएट के छात्र दिव्यांशु ने बताया कि अभी तक की परीक्षा में रसायन विज्ञान का पेपर सबसे कठिन लगा है। फिर भी पेपर अच्छा हुआ है।