बंद घर का ताला तोड़कर चोरी
पड़ोस के गांव में ब्रह्मभोज में शामिल होने गया था परिवार
संवाद न्यूज एजेंसी
दुबौला (बस्ती)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के फरेंदा सेंगर गांव में शुक्रवार देर शाम अज्ञात चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर जेवर व नकदी चुरा लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार कप्तानगंज क्षेत्र के फरेंदा सेंगर गांव निवासी सुभाष चंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को उनकी चाची का ब्रह्मभोज कार्यक्रम बगल के भैरोपुर गांव में उनके घर पर चल रहा था। पूरा परिवार वहां गया था। देर शाम करीब साढ़े सात बजे घर पहुंचे तो देखा कि घर के दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ है। अंदर जा कर देखा तो कमरे में रखे बक्से, आलमारी तथा अटैची सब खुली हुई थी। उसमें रखा सामान आलमारी में रखा 34 हजार रुपये नकद तथा सोने की चार चूड़ियां, चांदी के चार पायल व सोने की 11 अंगूठी तथा कुछ अन्य कीमती सामान गायब थे। प्रभारी निरीक्षक कप्तानगंज बृजेश सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।