संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत
सल्टौआ(बस्ती)। सोनहा थानाक्षेत्र के गिधनी गांव में बुधवार को 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव भुसौला में पाया गया। सूचना पर मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम व सोनहा पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार के लोगों का कहना है कि रमेश पुत्र राम रूप मंगलवार को देर शाम खाना खाने के बाद सो गया। भोर में जब बिस्तर पर नहीं दिखा तो पत्नी व घरवाले खोजबीन कर ने लगे। इसी बीच घर के पास के भुसौले में वह मृत अवस्था में पाया गया। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रमेश अपने भाइयों में सबसे बड़े थे। छोटा भाई सुभाष मुंबई में रहता है। चार बहनों में दो की शादी हो चुकी है। रमेश घर पर रहकर मेहनत मजदूरी कर परिवार की जीविका चलाते थे। पत्नी पुष्पा, बेटा अंशु, पिता रामरूप, मां लीलावती का रो-रोकर बुरा हाल है। सोहना के प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण मिश्र ने बताया शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोट आने के बाद ही मौते के कारण का पता चलेगा।