भोले के जयकारे से गूंजे शिवालय
बस्ती। सावन के दूसरे सोमवार को शिवालय भोले नाथ के जयकारे से गूंज उठे। भदेश्वरनाथ समेत अन्य शिवालयों में ओम नम: शिवाय के जयकारे के साथ श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक और रुद्राभिषेक का अनुष्ठान किया। मंदिरों में पहुंचे भक्त श्रद्धा के बीच कोविड गाइडलाइन का पालन करना भूल गए।
शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित भदेश्वरनाथ मंदिर में सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं के आने का क्रम शुरू हो गया। सुबह 6 बजे पूरा मंदिर परिसर भक्तों से भर गया। मंदिर में तैनात पुलिसकर्मियों ने बारी-बारी से लोगों को जलाभिषेक के लिए अंदर जाने दिया। यहां तमाम लोगों ने जलाभिषेक के बाद रुद्राभिषेक का अनुष्ठान किया। नगर बाजार प्रतिनिधि के अनुसार नगर बाजार, तिलकपुर, हरदेवनाथ शिव मंदिर पर सुबह से श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ जलाभिषेक व रुद्राभिषेक किया। हरदेवनाथ शिव मंदिर बहादुरपुर व तिलकपुर में इस बार मेले का आयोजन नहीं हो रहा है, लेकिन भीड़ से यहां मेले जैसा दृश्य देखने को मिला। वाल्टरगंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के भैंसानाथ, रमवापुर, भितिया, भरौली, वाल्टरगंज कस्बा, दौलतपुर, मनोरी, जिनवा, महादेवा, सेवईंडीह, बगढ़रवा, पुरैना सहित अन्य शिव मंदिरों पर दिनभर भक्तों का आना-जाना लगा रहा। बनकटी प्रतिनिधि के अनुसार पिड़िया, बानपुर, थालेश्वरनाथ थाल्हापार, बेहिलनाथ, खोलेश्वरनाथ खोरिया, कोरऊ, देवकुंडा आदि शिव मंदिरों में सुबह से जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लाइन लगी रही।