पुरानी बस्ती। थाना क्षेत्र के हवेली खास गांव का युवक सोमवार की देर शाम गांव में घूमने निकला। देर रात तक न लौटने पर घर वाले उसकी तलाश गांव व रिश्तेदारों के यहां कर रहे थे। इसी बीच मंगलवार की सुबह युवक घायल अवस्था में घर पहुंचा और गिरकर अचेत हो गया। घर वालों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराकर पुलिस को तहरीर अज्ञात के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी है।
हवेली खास गांव के रामरूप ने पुरानी बस्ती थाने में तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र दीपक (30) सोमवार की शाम करीब सात बजे निकला। रात में 10 बजे तक खोजबीन की, लेकिन गांव में कोई पता नहीं मिला। इसके बाद परिजन रिश्तेदारों के घर हैरान परेशान तलाश रहे थे, इसी बीच दीपक सुबह पांच बजे घर घायल अवस्था में पहुंचा। घर वालों ने आनन-फानन डायल 112 को सूचित कर युवक को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराकर पुलिस को तहरीर दी।
पुरानी बस्ती थानाध्यक्ष जयदीप दूबे ने बताया कि हवेली खास के रामरूप ने अज्ञात पर मारपीट की तहरीर दी है, युवक अभी अचेत है। उपचार चल रहा। होश आने पर बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद