दस करोड़ से सुधरेगी तीन सड़कों की दशा
बस्ती। पांडेय बाजार होते हुये बरदहिया चौराहा, डारीडीहा से बाबा भद्रेश्वरनाथ मंदिर व चैनपुरवा ओवरब्रिज से पांडेय बाजार को जोड़ने वाली सड़क के दिन बहुरने वाले हैं। सदर विधायक दयाराम चौधरी ने बताया कि उनके प्रयासों के बाद मार्ग के चौड़ीकरण, सुदृढीकरण कार्य को स्वीकृति मिलने के साथ ही निर्माण कार्य शुरू करने के लिए दस करोड़ का बजट भी जारी कर दिया गया है।
विधायक दयाराम चौधरी ने बताया कि तीनों महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण कराए जाने के लिए शासन और विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास किया जा रहा था, इन सड़कों के निर्माण के लिए विभागीय स्तर पर धन भी अवमुक्त कर दिया गया है। बताया कि अति शीघ्र सड़कों का निर्माण शुरू हो जाएगा। क्षेत्र के नागरिक लगातार सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे, स्वीकृत तीनों सड़कों बहुत महत्वपूर्ण है और इनके बन जाने से लोगों को आवागमन में विशेष सुविधा होगी। भद्रेश्वरनाथ में प्रति वर्ष तेरस और श्रावण मास तथा शिवरात्रि एवं कांवड़ पर्व पर लाखों श्रद्धालु जुटते हैं। सकरी सड़क होने के नाते आवागमन में काफी असुविधा होती थी, सड़क का चौड़ीकरण हो जाने से श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा होगी। विधायक दयाराम चौधरी के मीडिया प्रभारी अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के विशेष प्रयास से यह जनहित का बड़ा कार्य संभव हो सका।