जिला अस्पताल में डॉक्टर कक्ष के बाहर मरीज। संवाद
बस्ती। बदलते मौसम का असर बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर तेजी से पड़ रहा है। दिन में तेज धूप, रात में गुलाबी ठंड के कारण से बच्चे व बुजुर्ग सर्दी-जुकाम से पीड़ित हो रहे हैं। जिला अस्पताल में मंगलवार को मरीजों की काफी भीड़ रही।
सोमवार की ओपीडी 1126 के सापेक्ष मंगलवार को 773 रही। इनमें अधिकतर मरीज मौसमी बीमारी से पीड़ित बताए गए। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. रामजी सोनी ने बताया कि वायरल से छुटकारा पाने में एक सप्ताह का वक्त लग जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि मौसम में आए बदलाव के कारण बुखार, सर्दी-जुकाम की बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। चिंता की बात यह है कि यह खांसी लंबी चल रही है।
इसकी चपेट में न सिर्फ बच्चे आ रहे हैं, बल्कि बुजुर्ग भी परेशान हैं। जिला अस्पताल में सुबह नौ से दोपहर करीब एक बजे तक पर्चा काउंटर पर कतार लगी रही। इससे मरीजों को पर्चा बनवाने और डॉक्टरों से परामर्श लेकर जांच कराने तक परेशान होना पड़ा। चिकित्सकों ने बताया कि मरीजों की जांच में पता चला है कि वायरल संक्रमण के साथ खांसी के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।