गर्भवती को अब मिलेगा ‘सुमन’ का साथ
छह इकाइयां चयनित, कमियों की होगी समीक्षा, सुधार के साथ मिलेगी बेहतर सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सुरक्षित मातृत्व आश्वासन (सुमन) कार्यक्रम जल्द ही जिले में शुरू होगा। इसके लिए जिला महिला अस्पताल सहित छह स्वास्थ्य इकाइयों का चयन किया गया है। स्वास्थ्य इकाइयों की कमियों की नियमित समीक्षा करने के साथ ही उसमें सुधार कर गर्भवती को गुणवत्तापूर्ण सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि जिले के मेडिकल कॉलेज, जिला महिला अस्पताल के साथ नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस सर्टिफिकेशन (एनक्वांस) व लक्ष्य के लिए चयनित स्वास्थ्य इकाइयों को सुमन इकाई के रूप में अधिसूचित किया जाना है। कार्यक्रम के संचालन एवं नियमित समीक्षा के लिए जिला व ब्लॉक स्तर पर समितियों का गठन किया जा रहा है। स्वास्थ्य इकाई पर आने वाली गर्भवती हेतु इनकार से शून्य, सहिष्णुता और आश्वासनयुक्त, गरिमामय, सम्मानपरक और निशुल्क सुविधा मुहैया कराने के लिए यह कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है।
सुमन कार्यक्रम के संचालन के मुख्य उद्देश्य
उच्च गुणवत्तायुक्त चिकित्सकीय सुविधा, इमरजेंसी व रेफरल सेवाएं।
मातृ मृत्यु की शत-प्रतिशत रिपोर्टिंग व समीक्षा के लिए एनजीओ, सहायता समूह, पंचायतीराज संस्थानों, जनप्रतिनिधियों से सहयोग लेना।
मातृत्व सेवाओं के लिए पेशेंट फीडबैक मेकेनिज्म तथा शिकायतों के निवारण की प्रणाली डेवलप करना।
अंतर्विभागीय समन्वय हेतु प्लेटफार्म उपलब्ध कराना।
सुधारात्मक कार्यो की रणनीति तैयार करने, पर्यवेक्षण कार्यक्रम की समीक्षा सहित प्रभावी संचालन हेतु समिति का गठन करना।
सुमन कार्यक्रम के तहत मिलेंगी यह सुविधाएं
हर गर्भवती का कम से कम चार एएनसी चेकअप, द्वितीय एवं तृतीय त्रैमास में पीएम मातृत्व सुरक्षित अभियान दिवस पर विशेषज्ञ द्वारा कम से कम एक परीक्षण।
एएनसी के लिए आने वाली गर्भवती का पंजीकरण करते हुए एमसीपी कार्ड एवं सुरक्षित मातृत्व पुस्तिका का वितरण।
निशुल्क सामान्य व सिजेरियन प्रसव तथा प्रसव के दौरान जटिलताओं का प्रबंधन।
शत-प्रतिशत मातृ एवं शिशु मृत्यु की रिपोर्टिंग एवं समीक्षा।
नवजात के लिए निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं।
होम बेस्ड न्यूबार्न केयर संबंधी छह से सात विजिट।
जन्म के समय टीकाकरण।
एंबुलेंस सेवा के जरिए निशुल्क परिवहन सुविधा।
प्रसव के बाद परिवार नियोजन संबंधी परामर्श। कम्प्रीहेंसिव अबार्शन केयर।
वेब पोर्टल, हेल्प लाइन और हेल्प डेस्क के माध्यम से शिकायतों का निवारण।
सुमन कार्यक्रम से आच्छादित इकाइयों की ब्रांडिंग के साथ यहां पर पेशेंट फीडबैक मेकेनिज्म डेवलप करना।
इन स्वास्थ्य इकाइयों में लागू होगी योजना
जिला महिला अस्पताल
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुधौली
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसरामपुर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भानपुर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज
कोट
सुमन कार्यक्रम जिला महिला अस्पताल व पांच सीएचसी में लागू होगा। स्वास्थ्य इकाइयों का चयन स्टेट लेवल पर हुआ है। जिला व ब्लॉक स्तर पर समितियों का गठन किया जा चुका है। जल्द ही वहां पर सेवाएं शुरू कराई जाएंगी।
- डॉ. सीके वर्मा, एसीएमओ आरसीएच, बस्ती।