छावनी। गन्ना किसानों का उत्पादन बढ़ाने के लिए वैज्ञानिकों की सलाह से आधुनिक यंत्रों के प्रयोग को बढ़ा कर उत्पादन बढ़ाया जाएगा। यह बातें शुक्रवार को सहकारी गन्ना समिति संघ के प्रदेश अध्यक्ष व सहकारी गन्ना समिति विक्रमजोत के अध्यक्ष सिद्धांत सिंह ने समिति मुख्यालय पर आयोजित बैठक में कही।
उन्होंने बताया कि बुधवार को किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदेश स्तरीय समिति अध्यक्षों के साथ बैठक की गई। बैठक में आगामी गन्ना सत्र को ध्यान में रखते हुए बुवाई और औसत पैदावार बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक विधियों पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। वहीं अगैती गन्ना पर्चियों को अनुचित रूप से रिजेक्ट करने व उन्हें सामान्य वैरायटी में जोड़ने के मामलों पर कड़ी नाराजगी जताई गई। इसे किसानों के साथ शोषण बताते हुए पर्चियां का अंतर मूल्य तत्काल किसानों के खाते में भेजने की मांग हुई।
बैठक में सामान्य निकाय की बजट बैठक के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही गन्ना समितियों के प्राथमिक कृषि सहकारी समिति होने के नाते अध्यक्षों को कानूनी रूप से संयुक्त हस्ताक्षर का अधिकार प्रदान करने की पुरजोर मांग की गई। अध्यक्ष ने बताया कि उत्तर प्रदेश को ऑपरेटिव एक्ट 1965 के अन्तर्गत बजट बनाने और उसे पारित करने का पूर्ण अधिकार समान निकाय को है। वर्तमान में इसका समुचित पालन नहीं होने पर आक्रोश व्यक्त किया गया। इसे तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग की गई। संवाद