मजबूत इम्युनिटी ही ओमिक्रोन से करेगी रक्षा : एसीएमओ
बस्ती। ओमिक्रॉन को लेकर लोगों को किसी भी तरह से घबराने नहीं बल्कि सतर्क रहने की जरूरत है। मजबूत रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) इससे सुरक्षा प्रदान करेगी। ऐसे में जो लोग पहले से किसी गंभीर बीमारी की गिरफ्त में हैं, जिनकी इम्युनिटी कमजोर है, उन्हें विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। संक्रमण को रोकने के लिए सभी के लिए कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना अनिवार्य है।
यह कहना है एसीएमओ/जिला सर्विलांस आफिसर आईडीएसपी डॉ. सीएल कन्नौजिया का। डॉ. कन्नौजिया ने बताया कि राज्य स्तर पर ओमिक्रॉन से निपटने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। समय-समय पर ऑनलाइन मीटिंग कर विशेषज्ञों की ओर से जरूरी जानकारी दी जा रही है। उसी के मुताबिक जिले में भी तैयारियां की जा रही हैं। डॉ. कन्नौजिया ने बताया कि जिन लोगों की इम्युनिटी अच्छी है, या जिन्हें शुगर, बीपी, टीबी, लीवर, किडनी की समस्या नहीं है, उनके लिए ओमिक्रॉन किसी भी तरह का संकट नहीं पैदा करेगा। स्वस्थ लोगों में ओमीक्रोन का लक्षण या तो नजर ही नहीं आएगा, या काफी हल्का लक्षण नजर आएगा। सामान्य तरीके से इसे जानना मुश्किल होगा।
---
मरीज दवाओं व खान-पान पर रखें ध्यान
डॉ. कन्नौजिया ने बताया कि जिन लोगों की शुगर, बीपी, टीबी, लीवर, किडनी, सांस फूलने की बीमारी से संबंधित दवाएं चल रही हैं, वह विशेष ध्यान रखें। दवाएं नियमित रूप से लें व इम्युनिटी बढ़ाने के लिए चिकित्सक की सलाह पर आहार लेते रहें। रोग को किसी भी तरह से बढ़ने न दें। स्वस्थ शरीर किसी भी रोग से लड़ने में सक्षम होता है।
---
सभी लोग करें कोविड प्रोटोकॉल का पालन
डॉ. कन्नौजिया ने बताया कि सभी लोगों को चाहिए कि वह कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करें। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति के संक्रमित होने से भले ही उसे कोई विशेष समस्या न हो, लेकिन वह किसी बीमार व बुजुर्ग तक संक्रमण फैलाकर उसके लिए समस्या जरूर खड़ी कर सकता है। लोगों को चाहिए कि वह मास्क का नियमित इस्तेमाल करें, भीड़-भाड़ में दूरी बनाएं रखें। कोविड टीके की दोनों डोज सभी पात्र लोगों को लगवाना सुनिश्चित करें तथा कोविड से संबंधित किसी भी तरह का लक्षण दिखने पर अपने नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचकर कोविड की जांच जरूर कराएं।