बार-बेंच में छिड़े विवाद में मंगलवार को उस समय नया मोड़ आ गया, जब नामजद अधिवक्ता राम मणि शुक्ल ने स्पेशल जज एससी एसटी, एसीजेएम सेकेंड व उनके पेशकार के खिलाफ परिवाद दाखिल कर दिया। जिसमें इन पर तमाम गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सीजेएम शैला की अदालत में दाखिल इस परिवाद पर सुनवाई के लिए सात दिसंबर बुधवार की डेट तय की गई है।
अधिवक्ता राम मणि शुक्ल ने स्पेशल जज (एससी एसटी) अशोक कुमार सिंह, सीजेएम सेकेंड मनोज कुमार और सीजेएम सेकेंड के खिलाफ परिवाद में कहा है कि उनके साथ न्यायिक प्रतिष्ठान के जरिए दुर्भावना पूर्वक षणयंत्र किया गया है। जबकि गैर कानूनी तरीका वहीं अपनाया गया। लोक सेवक होते हुए विधि के निर्देशों को तोड़ने का आचरण किया। ऐसे में इन सभी के विरुद्घ मुकदमा चलाया जाए।
बता दें कि 10 नवंबर से सभी बार एसोसिएशन के संयुक्त आह्वान पर अधिवक्ता राममणि शुक्ल को आपराधिक मामलों में नामजद कराए जाने के खिलाफ हड़ताल पर हैं। बार कौंसिल व हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश तक को प्रत्यावेदन दिया जा चुका है। इसी क्रम में अधिवक्ताओं के मंगलवार के नए पैंतरे को न्यायिक प्रतिष्ठान पर दबाव बनाने के लिए उठाया गया कदम बताया जा रहा है। देखने वाली बात होगी कि बार और बेंच के बीच जारी उठापठक में बुधवार को प्रकरण क्या नया रुख अख्तियार करता है।