चेतावनी बिंदु से 19 सेंटीमीटर ऊपर बह रही सरयू नदी
तटीय गांव संदलपुर में बरकरार है नदी का दबाव, हो रही है कटान
संवाद न्यूज एजेंसी
विक्रमजोत। पिछले कई दिनों से घट रहे सरयू नदी का जलस्तर अभी भी चेतावनी बिंदु से ऊपर है। ऐसे में नदी के तटीय इलाकों में कटान का खतरा बना हुआ है। केंद्रीय जल आयोग अयोध्या के अनुसार नदी का जलस्तर 91.920 मीटर रिकार्ड किया गया। इस तरह नदी अभी चेतावनी बिंदु 91.730 मीटर से 19 सेमी ऊपर बह रही है।
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार बुधवार शाम को नदी का जलस्तर लगातार कम हो रहा है। जलस्तर कम होने से नदी की तेज धारा लगातार अपने किनारों को काट कर अपने में मिलाती जा रही है। नदी की कटान से नदी और गांव की आबादी की दूरी प्रतिदिन कम होती जा रही है। अनुमान है कि नदी का जलस्तर अभी और घटेगा। इधर नदी का जलस्तर कम होने से विक्रमजोत के एलबी व बीडी तटबंध के भीतर बसे गांवों के किसानों के खेत व तटबंध विहीन आपदा प्रभावित गांव अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। क्षेत्र के भरथापुर, कल्यानपुर, पड़ाव, चानपुर के साथ-साथ संदलपुर गांव के अस्तित्व के लिए सरयू नदी खतरा बनी हुई है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नेतवर पट्टी संतोष कुमार शुक्ल ने बताया कि ग्राम पंचायत के राजस्व गांव संदलपुर में नदी का दबाव लगातार बना हुआ है। बाढ़ खंड की ओर से जो भी कार्य कराए गए थे, वह सब कटान की भेंट चढ़ चुके हैं। यदि कुछ दिन ऐसे ही रहा तो गांव को बचाना नामुमकिन होगा। संदलपुर गांव के राहुल कुमार, रवि निषाद, सालिक राम, बलराम और रामकुमार आदि ने बताया कि बाढ़ खंड की ओर से कराए गए कटान रोधी कार्य सब नदी में बह रहे हैं और गांव के किनारे लगातार कटान हो रही है। कोई जिम्मेदार हमारी सुध नहीं ले रहा है। एसडीएम हर्रैया सुखबीर सिंह ने बताया कि नदी का जलस्तर घट रहा है। कहीं-कहीं कटान हो रही है, जिसे रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं।