‘कोरोना से असली लड़ाई तो सफाईकर्मी लड़ रहे’
बस्ती। कोरोना संक्रमण से जंग में जान जोखिम में डालकर कार्य करने वाले सफाईकर्मियों, सफाई नायकों, सफाई इंस्पेक्टर, वाहन चालक व अधिशासी अधिकारी को नगर पालिका अध्यक्ष रूपम मिश्रा ने सम्मानित किया।
मंगलवार को नगर पालिका परिसर में अध्यक्ष के नेतृत्व में कोरोना वॉरियर्स को उनके बेहतरीन काम के लिए सम्मानित करते हुए कहा कि संकट के दौर में सफाईकर्मियों ने अभूतपूर्व कार्य किया है। कोरोना योद्धा के रूप में सफाईकर्मियों ने स्वच्छता अभियान को जारी रखा है। विशेषकर हॉटस्पॉट क्षेत्रों में इनकी भूमिका सराहनीय है। अध्यक्ष ने वस्त्र एवं फल देकर उनका उत्साहवर्धन किया। भाजपा नेता पुष्कर मिश्र ने कहा कि कोरोना योद्धा को सम्मानित कर खुद को गौरवांवित महसूस कर रहा हूं। कोरोना से असली लड़ाई यही कर्मचारी लड़ रहे हैं। जिस तरह से नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अखिलेश त्रिपाठी के नेतृत्व में सभी वार्डों को सैनिटाइज कराया जा रहा है, वह सराहनीय है। इस दौरान समाजसेवी संतोष शुक्ला, केबी लाल, लवकुुश चौबे, गोपाल चौरसिया, सोम कुमार, दिनेश वर्मा, राजकुमार श्रीवास्तव, वेद प्रकाश पांडेय, गिरीश सिंह, शुभम यादव, अजय तिवारी, घनश्याम शुक्ला आदि मौजूद रहे।
सड़क से लेकर वार्डों तक सैनिटाइजेशन
बस्ती। कोरोना वायरस से निटपने के लिए नगर पालिका परिषद ने दोगुनी ताकत लगा दी है। शहर की सड़कों से लेकर वार्डों तक को सैनिटाइज किया जा रहा है।
शहर के हॉट स्पॉट एरिया गांधीनगर में करीब 50 सफाईकर्मी सड़कों व दुकानों को सैनिटाइज करने का काम कर रहे हैं। कोई भी घर छूटने न पाए इसके लिए सभी को निर्देश दिए हैं। नगर पालिका अध्यक्ष रूपम मिश्रा व प्रतिनिधि पुष्कर मिश्रा स्वयं दवा छिड़काव के कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। तुरकहिया, बभनगांवा, गांवगोड़िया, पुराना डाकखाना, पांडेय बाजार, आवास विकास, आनंदनगर कटरा सहित अन्य वार्डों में लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए दोनों पालियों में सफाई कराई जा रही है। इसके साथ ही लोगों से कूड़ों को नियत स्थान पर फेंकने की अपील भी की जा रही है। सफाई कार्य के लिए सभी वार्डों में सात से आठ सफाई कर्मियों को लगाया गया है। ईओ नगर पालिका अखिलेश त्रिपाठी कहते हैं कि सफाई कर्मियों को सुरक्षा किट प्रदान की गई है। लोगों का इन्हें सहयोग भी मिल रहा है।