शहर में दो स्थानों पर आग लगने से अफरातफरी
बस्ती। शहर के जिला अस्पताल व कचहरी स्टेडियम गेट के पास शनिवार की सुबह आग लगने अफरातफरी मच गई। हालांकि दोनों जगह कोई चपेट में नहीं आया। समय रहते फायर बिग्रेड की टीम के पहुंचने से आग पर काबू पा लिया।
जिला अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड के पास शनिवार की सुबह मुख्य केबल में आग लग गई। केबल को जलता हुआ देख लोगों में खलबली मच गई। गनीमत रही कि आग फैलने नहीं पाई और कुछ देर में फायर ब्रिगेड के पहुंचने से आग बुझा ली गई। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण केबल दग गया था, जिससे आग लग गई।
दूसरा हादसा स्टेडियम गेट पर स्थित एक चाय-नाश्ते की दुकान में हुआ। बताया जा रहा है कि इस दुकान के पीछे कुछ लोग शनिवार की सुबह अलाव जलाकर सेंक रहे थे। इससे उठी चिंगारी से ही दुकान में आग लग गई। सूचना पर दुकान के साथ ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और आग बुझा दी।