अब तीन दिनों में दुरुस्त होंगे जिले के सरकारी नलकूप
बनकटी के खरबनिया में स्थापित है सरकारी नलकूप
- सभी नलकूप कर्मियों को मिला निर्देश, नपेंगे लापरवाह
- जिले में कुल 612 नलकूप, लंबे समय तक नहीं होते थे दुरुस्त
- एक्सईएन के लिखित निर्देश से विभाग में मच गया है हड़कंप
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। राजकीय नलकूप खराब होने की सूचना मिलने के तीन दिन के अंदर उन्हें दुरुस्त करवाने की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। अगर ऐसा न हुआ तो संबंधित विभागीय जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बस्ती जिले के 14 ब्लॉक क्षेत्रों में कुल 612 राजकीय नलकूप स्थापित किए गए हैं। इनके रखरखाव के लिए चार सहायक अभियंता व दर्जनभर अवर अभियंताओं की तैनाती की गई है। इसके अलावा तकनीकी कारीगरों की भी नियुक्ति की गई है। फिर भी आए दिन नलकूपों के खराब होने की शिकायतें आती रहती हैं। यही नहीं किसान जिला मुख्यालय स्थित बड़े इंजीनियरों के दफ्तरों तक शिकायत करने पहुंच जाते हैं और फिर भी उनकी समस्याओं का निस्तारण समय से नहीं हो पाता है। नलकूप दुरुस्त करवाने के लिए किसान बार-बार चक्कर लगाने को मजबूर होते रहते हैं। ऐसे ही कई प्रकरणों का संज्ञान में लेकर अधिशासी अभियंता लालचंद ने यह व्यवस्था बनाई है कि हर शिकायतों का निस्तारण सूचना मिलने के तीन दिन के भीतर जरूर हो जाए, नहीं तो इसकी जवाबदेही संबंधित जिम्मेदार अभियंता अथवा कर्मचारी को देनी होगी और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। इसके लिए बाकायदे लिखित दिशा-निर्देश जारी कर दिया गया है। इससे विभाग में हड़कंप मच गया है।
लगातार आ रही शिकायतों को लेकर एक नई व्यवस्था बनाई गई है कि सभी शिकायतों का निस्तारण सूचना मिलने के तीन दिन के अंदर जरूर कर दिया जाना चाहिए। इसमें लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- लालचंद, एक्सईएन, नलकूप खंड, बस्ती व संतकबीरनगर