अब रेलवे स्टेशन पर पुलिस की निगहबानी में कोरोना टेस्ट
बस्ती। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच यात्रियों की शत-प्रतिशत जांच के लिए रेलवे स्टेशन पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। यह व्यवस्था स्टेशन से यात्रियों के बगैर जांच घर चले जाने की शिकायत मिलने के बाद की गई है।
रेलवे स्टेशन पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी डीएम सौम्या अग्रवाल के निर्देश पर लगाई गई है। जानकारी के अनुसार ट्रेन यात्रियों की जांच के लिए स्टेशन पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगाई गई हैं। बैठक में डीएम को जानकारी मिली कि कुछ लोग जांच का विरोध करते हैं, जबकि कुछ दूसरे रास्तों ने बाहर निकल जाते हैं।
इस पर डीएम ने एसपी को पत्र लिखकर रेलवे स्टेशन पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने को कहा था। एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने तीन शिफ्ट में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर तथा थानाध्यक्ष पुरानी बस्ती को निर्देश दिया है कि वे समय-समय पर पुलिसकर्मियों की उपस्थिति की जांच करते रहें।