मां-बेटी की पिटाई, मां के अपहरण का आरोप
गौर थाने के टिनिच बैरवा गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
टिनिच। गौर थानाक्षेत्र के टिनिच पुलिस चौकी अंतर्गत शिवपुर ग्राम पंचायत के बैरवा गांव में मंगलवार की चार पहिया वाहन सवार आधा दर्जन लोगों ने एक घर पर हमला बोल दिया। आरोप है कि घुसकर पहले मां बेटी सहित तीन लोगों की पिटाई की। उसके बाद एक महिला को गाड़ी में बैठाकर भाग गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर दी है।
गांव निवासी 70 वर्षीय राजेंद्र सिंह उर्फ पुजारी अपनी भाभी सुनीता सिंह व भतीजी नंदिनी के साथ गौर वाल्टरगंज मार्ग पर रहते हैं। भोर में एक वाहन से कुछ लोग पहुंचे, पहले तीनों की पिटाई की उसके बाद सुनीता को गाड़ी में बैठाकर भाग गए। नंदिनी किसी तरह से जान बचाकर भागी। राजेंद्र सिंह अपनी भतीजी नंदिनी के साथ थाने पहुंचे। स्थानीय लोगों की माने तो राजेंद्र सिंह का कुछ लोगों से पैसे और जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। उन्होंने इसको लेकर पुलिस अधिकारियों को शिकायती पत्र भी दिया गया है। पुलिस को दिए तहरीर में राजेंद्र सिंह ने अपने बहनोई और भांजे आदि के विरुद्ध तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि बलरामपुर जिले के निवासी झिनकू सहित उनके परिवार के अन्य लोगों पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।