बहादुरपुर में कमला देवी पन्नी तानकर रहती हैं।
- फोटो : BASTI
पन्नी के नीचे गुजर कर रही जिंदगी, आवास की आस अभी है धूमिल
नगर बाजार(बस्ती)। बहादुरपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत कैथवलिया लाला मेें करीब 1900 की आबादी निवासी करती है। गांव में करीब 45 परिवार ऐसे हैं जिनके पास पक्का मकान नहीं हैं। दिव्यांग कमला ने बताया कि रहने के लिए घर नहीं है। बारिश में दूसरों के घर में शरण लेनी पड़ती है। पुराना घर बारिश में गिर गया है। सामान्य मौसम में पन्नी रात गुजरती है।
संतराम ने बताया कि झोपड़ी में परिवार के साथ गुजारा कर रहे हैं। पूनम ने बताया कि खपरैल का मकान है, जो कई जगह से गिर रहा है। मंजू, अंजली, ऊषा आदि ने बताया कि गांव में 14 इंडिया मार्का हैंडपंप लगे हैं, लेकिन सालभर से खराब हैं। शुद्ध पेयजल के लिए तरसना पड़ रहा है। रीता, निशा, रामकरन, रामसजन, राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि घरों का गंदा पानी गांव में ही भरा रहता है।
ग्राम प्रधान संतराम ने बताया कि 2011 की जनगणना में जिनका नाम था, उन्हीं परिवारों को आवास योजना का लाभ मिल पाया है। गांव में करीब 45 परिवार ऐसे हैं जो पात्र होने के बाद भी आवास योजना में लाभ नहीं पा रहे हैं। सभी की सूची तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। बीडीओ आलोक दत्त उपाध्याय ने बताया कि पात्र होने के बाद भी जिन्हें आवास योजना में लाभ नहीं मिल पाया है। वे अपना प्रार्थना कार्यालय में जमा कराएं। पात्रता की जांच कर उन्हें आवास उपलब्ध कराया जाएगा।