संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशिक्षक (कोच) की कमी से खिलाड़ी खेल छाेड़ रहे हैं। स्टेडियम निर्माण होने के बाद अभी तक स्टेडियम को क्रीड़ा अधिकारी के रूप में ही कोच मिल पाए हैं।
इससे खिलाड़ियों को सीनियर खिलाड़ी से प्रशिक्षण लेना पड़ता हैं, जबकि जिस खेल के सीनियर खिलाड़ी नहीं हैं, उन्हें अन्य शहरों में प्रैक्टिस के लिए जाना पड़ रहा है।
स्टेडियम में वाॅलीबॉल, बास्केटबॉल, खो-खो, कबड्डी, ताइक्वांडों, एथलेटिक्स, बैडमिंटन के कोच की नियुक्ति अभी तक नहीं हो पाई है। क्रीड़ा अधिकारी ने कबड्डी, खो-खो, वाॅलीबॉल व बैडमिंटन को लेकर पत्राचार भी किया, लेकिन प्रशिक्षक की नियुक्ति न होने से अभी तक प्रशिक्षण नहीं मिल पा रहा है। जिले में एक मात्र स्टेडियम होने के बाद भी खिलाड़ियों को सुविधा नहीं मिल पा रही हैं। इससे खिलाड़ी प्रशिक्षण के लिए गोरखपुर, वाराणसी, नोएडा व लखनऊ जा रहे हैं।
खिलाड़ियों ने बताया कि खेल व कोच की सुविधा न हाेने से जिले में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए खिलाड़ी नहीं हैं। कुछ खिलाड़ी जिला छोड़ कर जा रहे हैं, तो कुछ खेल ही छाेड़ दे रहे हैं। इससे जिले में खेल के लिए कोई भी बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पा रहा हैं। स्टेडियम में प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ी अनुज, आनंद, तृप्ति व अनुष्का ने बताया कि हर बार पत्राचार किया जाता है, लेकिन कई साल से एक भी कोच की नियुक्ति नहीं हो पाई है। इससे खिलाड़ी खेल को छोड़ रहे हैं।