- सात फरवरी से सात दिनों तक चलेगा मिशन
- हर महीने की सात तारीख को आयोजित किए जाएंगे कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। बीमारियों से बचाने के लिए गर्भवती व दो वर्ष तक के बच्चों के लिए अब तक केवल अस्पतालों में पहुंचने पर ही टीका लगता था, मगर अब आम लोगों को बीमारियों से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग नए सिरे से मिशन इंद्रधनुष चलाएगा। इस मिशन में टीम गांव-गांव जाकर विभिन्न बीमारियों के टीका से वंचित गर्भवती व बच्चों को चिन्हित कर टीकाकरण करेगी। टीकाकरण में सात बीमारियों के नियंत्रण पर विशेष फोकस होगा।
शासन ने गर्भवती व दो वर्ष तक के बच्चों को उनके घर पर ही टीका लगाने की व्यवस्था की है। व्यवस्था के तहत माह की सात तारीख को मिशन इंद्रधनुष चलेगा। यह मिशन सात दिनों तक गांवों में बच्चों व गर्भवती को सात प्रकार की बीमारियों से बचाने के लिए टीका लगाएगा। मिशन इंद्रधनुष के माध्यम से गर्भवती व दो वर्ष तक के बच्चों को काली खांसी, टिटनेस, गला घोंटू, पोलियो, बुखार, टीबी, दिमागी बुखार से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान चलेगा। मिशन में करीब 18 हजार बच्चे व दस हजार गर्भवती का लक्ष्य बनाया गया है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. फखरेयार हुसैन ने बताया कि तमाम कारणों से टीकाकरण की व्यवस्था गांव-गांव तक पहुंच कर नहीं बनाई जा रही थी। अब इसमें शासन की मंशा के अनुरूप मिशन इंद्रधनुष चलेगा। यह मिशन सात दिनों में लक्षित व चिन्हित गर्भवती व शून्य से दो वर्ष क बच्चों को सात बीमारियों से बचाने वाला टीका लगाएगा। यह क्रम सात फरवरी से शुरू होगा, जो हर माह चलेगा।