मंदिर के पास से चार वर्षीय बालक लापता
वाल्टरगंज थाने के श्रीपालपुर गांव की घटना
वाल्टरगंज (बस्ती)। थानाक्षेत्र के श्रीपालपुर के टोला ननकूपुर गांव स्थित मां काली के स्थान के पास से चार वर्षीय बालक लापता होने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना पाकर थानाध्यक्ष दुर्विजय मौके पर पहुंचे। आसपास के गांवों, खेतों व तालाब सहित अन्य स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला
श्रीपालपुर के टोला ननकूपुर गांव निवासी मन्नान का चार वर्षीय पुत्र फरहान बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे घर के पास मां काली के स्थान के समीप खेल रहा था। काफी देर तक घर नहीं आया तो परिवार के लोग उसे खोजने लगे, लेकिन पता नहीं चला। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने बताया कि गांव में बाइक से कपड़ा बेचने वाला माइक बजाते हुए आया था, तभी से बच्चा नहीं मिल रहा है। उसकी माता यास्मीन, बहन ज्योया, अरहान व पिता मन्नान सहित परिवार के सभी लोग दुखी हैं। थानाध्यक्ष दुर्विजय ने बताया कि बच्चे की खोजबीन पुलिस टीम के साथ परिजन भी कर रहे हैं।