भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों को दिया धोखा : नरेश उत्तम
किसान, नौजवान, पटेल यात्रा लेकर बस्ती पहुंचे सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर साधा निशाना
बस्ती। किसान, नौजवान, पटेल यात्रा लेकर निकले सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल बुधवार को जिले में पहुंचे। उन्होंने शहर में किसान डिग्री कॉलेज के सामने एक मैरिज हॉल, घघौवा पुल, हर्रैया, कप्तानगंज व फुटहिया में जनसभाओं को संबोधित करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों से लेकर सभी वर्गों को धोखा दिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को विधानसभा चुनाव में जनता सबक सिखाएगी। कोरोना के दौरान जिस प्रकार से इंसानियत के साथ मजाक हुआ ऐसा कभी नहीं हुआ था। भाजपा नेताओं का झूठ अब जनता समझ चुकी है। भाजपा सरकार किसानों के साथ छल कर रही है। झूठ बोलकर भाईचारा खत्म करने पर तुली है। यह पूंजीपतियों की सरकार है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब किसानों की आय दोगुनी करनी थी तो डीजल का दाम क्यों बढ़ाया। खाद-बीज के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। भाजपा सरकार की ओर से लाए गए तीनों कृषि कानून को वापस लेना होगा। पूर्व मंत्री राम प्रसाद चौधरी ने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार देते हुए समाज में नफरत फैलाने वाली पार्टी बताया। जनसभा को जिलाध्यक्ष महेंद्र नाथ यादव, पूर्व विधायक राम ललित चौधरी, पूर्व विधायक राजेंद्र चौधरी, नंदू चौधरी, दूधराम, मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह, हर्रैया विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष अरविंद यादव आदि ने संबोधित किया। सिद्धार्थ सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष को गदा और चांदी का मुुकुट भेंटकर सम्मानित किया।
प्रदेश अध्यक्ष का जगह-जगह हुआ स्वागत
इससे पूर्व सपा के प्रदेश अध्यक्ष का घघौवा पुल, हर्रैया, कप्तानगंज, महराजगंज में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। हर्रैया सभा में सभा का आयोजन अशोक कुमार सिंह ने किया। इस मौके पर राजाराम यादव, कविंद्र अतुल चौधरी, अनमोल श्रीवास्तव, अरविंद सोनकर, रन बहादुर यादव, अयाज अहमद, चंद्रभूषण मिश्र, मौलाना इलियास, बृजेश मिश्र, हृदयराम यादव, निर्मल सिंह, श्रीप्रकाश गुप्ता, मो. स्वालेह, गौरव सिंह, अंकुर सिंह, रवि सिंह ‘सत्या’, युनूस आलम, विनीत मिश्रा, आरसी गुप्त आदि मौजूद रहे। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामनाथ गोंड ने भी स्वागत किया।
हाईवे पर जाम से हलकान रहे लोग
विक्रमजोत के शंकरपुर गांव में हाईवे के किनारे आयोजित सपा के प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत व जनसभा कार्यक्रम के चलते हाईवे का अयोध्या-बस्ती लेन घंटों तक जाम रहा। यहां दुबौलिया के ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि तालेवन यादव की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया था। सपा के प्रदेश अध्यक्ष के संबोधन के करीब आधे घंटे बाद भी यहां कार्यक्रम चलता रहा। हाईवे पर लगभग दो किलोमीटर शंकरपुर से पटखापुर तक जाम लग गया। अयोध्या से बस्ती की तरफ जाने वाली गाड़ियां हाईवे पर खड़ी रहीं।