डुमरियागंज को रुधौली से जोड़ने वाली सड़क बदहाल
भानपुर (बस्ती)। तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत खैरा से मझौवालाल सिंह होते हुए डुमरियागंज और रुधौली को जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से बदहाल है। जिससे इस सड़क से गुजरने वाले राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को भारी दुश्वारियां झेलनी पड़ रही है। टूट चुकी सड़क पर बिखरी गिट्टियां बाइक और साइकिल चालकों के लिए मुसीबत खड़ी कर रही हैं।
खैरा से होकर मझौवालाल सिंह को जोड़ने वाली चार किलोमीटर की यह सड़क कई जगह पूरी तरीके से टूट चुकी है। यह मार्ग भानपुर से खैरा होते हुए मझौवालाल सिंह के साथ सगरा से डुुमरियागंज और रुधौली को भी जोड़ती है। यह सड़क क्षेत्र के खैरा, मधुनगर, धोषड़, मझौवा लाल सिंह, मालीडीह, अचलपुर, रघुनाथपुर, कौलपुर, मझारी बाजार, मनिकौरा की दस हजार से अधिक लोगों का प्रतिदिन आवागमन का शार्टकट प्रमुख मार्ग है। जहां से लोग रोज जरूरत के सामान की खरीदारी के लिए भानपुर से रुधौली का आते-जाते हैं। ग्राम पंचायत धोषड़ में पूरी सड़क टूट कर कीचड़ में तब्दील हो गई है। इस सड़क की मरम्मत को लेकर ग्रामीणों ने कई बार इसे ठीक कराने के लिए संबंधित विभागीय जिम्मेदारों सहित स्थानीय प्रशासन से भी गुहार लगा चुके हैं। लेकिन अभी तक कोई सार्थक परिणाम नहीं निकल सका है। ग्रामीणों ने इसे शीघ्र ठीक कराने की प्रशासन से गुहार लगाई है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन शुभनारायण राव ने बताया कि जर्जर सड़कों सर्वे कराया गया है। इसे जल्द ही मरम्मत करवाई जाएगी।