मंडी समिति की टूटी दीवार के पास कराएं मजबूत बैरिकेडिंग
बस्ती। मंडी समिति में मतगणना स्थल के पास टूटी मिली दीवार के पास डीएम सौम्या अग्रवाल ने मजबूत बैरीकेडिंग कराने के निर्देश दिए। मंगलवार को डीएम ने मतगणना स्थल का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को हर व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने की हिदायत दी।
जिलाधिकारी ने मतगणना स्थल पर पांचों विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पालिटेक्निक परिसर में जाकर प्रत्याशी एवं उनके एजेंट के वाहन पार्किंग की व्यवस्था भी देखी। निर्देश दिया कि पालिटेक्निक और मंडी समिति के बीच टूटी दीवार के स्थान पर मजबूत बैरिकेडिंग करके सुरक्षित किया जाए। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र हर्रैया, कप्तानगंज, रुधौली, बस्ती सदर एवं महादेवा के मतगणना पांडाल का निरीक्षण किया। निर्देश दिया है कि मतगणना कार्मिकों के साथ-साथ अन्य कार्यों के लिए भी समुचित संख्या में कर्मचारी तैनात करें। सभी कर्मचारियों को ड्यूटी पास जारी किया जाए। मतगणना के दौरान स्ट्रांग रूम से ईवीएम का कंट्रोल यूनिट मतगणना पांडाल मे लाने तथा वापस ले जाने, इनको पुन: सील करने आदि कार्यों के लिए अलग से कर्मचारी तैनात किए जाएं। कहा कि मतगणना डाटा पोर्टल पर अपलोड करने के लिए कंप्यूटर ऑपरेटर तैनात किए जाएंगे। बताया कि डाकमत पत्र कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार में रखे गए हैं। 10 मार्च को वहां से सुबह सात बजे उन्हें निकालकर मंडी में प्रत्येक आरओ टेबल पर पहुंचाया जाएगा। इस दौरान प्रत्याशी के एजेंट भी ट्रेजरी में तथा मंडी में उपस्थित रह सकते हैं। एडीएम ने बताया कि इसकी सूचना सभी प्रत्याशियों को संबंधित आरओ के माध्यम से दी जा रही है। अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि मंडी समिति के तीनों गेट पर पर्याप्त पुलिस बल लगाया जाएगा। जो प्रवेश करने वाले सभी व्यक्तियों की समुचित जॉच करेंगे। उन्होंने बताया कि टेलीफोन, इंटरनेट, खान-पान एवं अन्य व्यवस्थाओं में लगे सभी कर्मचारियों को पास जारी किए जा रहे हैं।
केंद्रीय निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त प्रेक्षक की देखरेख में होगी मतगणना
मीडिया मतगणना केंद्र में पांच जिला स्तरीय अधिकारियों को अलग से ड्यूटी लगाई गई है, जो पत्रकारों को बारी-बारी से मतगणना का निरीक्षण कराएंगे तथा समय-समय पर उन्हें अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगे। मतगणना पंडाल में केंद्रीय निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त प्रेक्षक की देखरेख में मतगणना होगी। प्रत्याशी या उनके एजेंट संबंधित प्रेक्षक अथवा रिटर्निंग अफसर से अपनी समस्या दर्ज करा सकेंगे। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर सूरज यादव भी उपस्थित रहे।