- डीएम का निर्देश, सूचीबद्ध लोगों को केंद्र पर लाएंगे पंचायत सहायक व रोजगार सेवक
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। डीएम सौम्या अग्रवाल ने कोरोनारोधी वैक्सीन के लिए प्रति ब्लॉक तीन हजार सेकेंड डोज तथा 15 सौ प्रति ब्लॉक 14 प्लस किशोरों का टीकाकरण का प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित किया है। कहा है कि टीकाकरण का कार्य लगभग पूरा हो गया है। इसलिए ब्लॉक पर इस कार्य में तैनात पंचायत सहायक और रोजगार सेवक को गांव में लोगों को टीकाकरण केंद्र पर लाने के लिए तैनात किया जाए। प्रत्येक टीकाकरण केंद्र पर टीका लगवाने वाले लोगों का विवरण दर्ज किया जाए ताकि उनका पोर्टल पर विवरण अपलोड किया जा सके।
डीएम ने आनलाइन देर शाम टीकाकरण की समीक्षा की। कहा कि वैक्सीन की कोई कमी नहीं है इसलिए दो-चार लोगों के आने पर भी वाइल को खोला जाए। कहा कि फर्स्ट डोज लगवाने वाले लोगों को सेकेंड डोज लगवाने के लिए ड्यू डेट पर मैसेज भेजा गया है, परंतु कहीं-कहीं उनका सर्टिफिकेट जनरेट हो जा रहा है। ऐसे लोगों का नाम रजिस्टर में दर्ज करते हुए सेकेंड डोज का टीका लगा दिया जाए। डीएम ने निर्देश दिया कि सदर में प्रतिदिन 4,500 टीकाकरण कराने का लक्ष्य रहेगा। इसके अलावा नगर पालिका परिषद सफाई कर्मियों, सुपरवाइजर, लेखपाल तथा नगरपालिका के सभी कर्मियों का घर-घर भेज कर कोविड टीकाकरण किया जाएगा। कहा कि टीकाकरण से छूटे हुए छात्र-छात्राओं को विद्यालय पर बुलाकर टीका लगवाने के लिए सोमवार से सभी स्कूलों एवं मदरसों में अभियान चलाया जाए। बीएसए को निर्देशित किया कि अपनी टीम के माध्यम से सेकेंड डोज से वंचितों को सूची के अनुसार फोन कराएं तथा टीकाकरण केंद्र पर जाने के लिए प्रेरित करें।
इस मौके पर सीडीओ डॉ राजेश कुमार प्रजापति, सीएमओ डॉ. चंद्रशेखर, सी आर ओ नीता यादव, एसडीएम सदर आनंद श्रीनेत, गुलाबचंद, डॉ. फखरेयार हुसैन, डीएस यादव, जगदीश शुक्ला आदि वर्चुअल मीटिंग में जुड़े।
-------
यह है उपलब्धि
डीएम ने बताया कि 14 प्लस के 1.72 लाख लक्ष्य के सापेक्ष 87792 किशोरों का टीकाकरण किया गया है। अब स्कूल के बाहर के किशोरों को घर-घर संचालित अभियान में टीकाकरण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के 18 लाख 71 हजार 732 में से 18 लाख 93 लोगों का टीकाकरण करके 96.17% लक्ष्य हासिल किया गया है। 45 वर्ष से अधिक आयु के 3,67,410 लक्ष्य के सापेक्ष 3,64,103 को फर्स्ट डोज तथा 2,74,749 को सेकंड डोज लगा दिया गया है। इसी प्रकार 74,263 के विपरीत 5,535 को बूस्टर डोज लगाया गया है।
-----
दो विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को नोटिस
डीएम ने छात्र छात्राओं को कोविड-19 का टीका लगवाने में सहयोग न करने के लिए हरैया के शेर बहादुर इंटर कॉलेज तथा शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को नोटिस जारी करने के लिए डीआईओएस को निर्देशित किया है।