जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव : संजय चौधरी भाजपा के प्रत्याशी घोषित
बस्ती। संजय चौधरी को भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इसकी जानकारी भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष महेश शुक्ल ने बृहस्पतिवार को पार्टी कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता में दी।
उन्होंने कहा कि अधिकांश जिला पंचायत सदस्य जनपद को विकसित किए जाने की दृष्टि से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में हैं। कहा कि पार्टी का उद्देश्य सबका साथ, सबका विकास है। भाजपा निष्पक्ष चुनाव की पक्षधर है। दावा किया कि पार्टी जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में विजय हासिल करेगी। वही सर्किट हाउस में सासंद हरीश द्विवेदी, विधायक दयाराम चौधरी, रवि सोनकर, अजय सिंह, संजय प्रताप जायसवाल और सीपी शुक्ला ने भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी संजय चौधरी को माला पहनाकर स्वागत किया।
सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि पार्टी के शीर्ष लोगों ने पुराने कार्यकर्ता का सम्मान करते हुए किसान के बेटे को प्रत्याशी बनाया। अब तक धनबल और बाहुबल के लोग जिला पंचायत अध्यक्ष बनते थे। अब यह परंपरा खत्म होगी। सरकार की कल्याणकारी नीतियों को देखते अधिकतम सदस्य भाजपा के साथ हैं, जिससे जीत का मार्ग प्रशस्त होगा। इस मौके पर गिल्लम चौधरी, देवेंद्र सिंह, रमेश बहादुर सिंह, विद्यामणि सिंह, अमृत वर्मा, अनिल तिवारी, पंकज श्रीवास्तव, अखिलेश चौधरी, सुशील सिंह, राम चरन चौधरी, विमल पांडेय, विश्वनाथ गिरी सहित कई लोग मौजूद रहे।