संवाद न्यूज एजेंंसी दुबौलिया। थाना क्षेत्र के बर्दिया कुंवर गांव में बुधवार भोर में एक 32 वर्षीय दिलीप कुमार (32) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।
परिजनों के अनुसार, दिलीप तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। करीब तीन माह पहले उसकी पत्नी सरिता किसी बात को लेकर पांच वर्षीय बेटी पीहू के साथ मायके चली गई थी। घर पर दिलीप अपने आठ वर्षीय बेटे नितिन के साथ रहता था। परिजनों का कहना है कि पत्नी के जाने के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
घटना से परिवार में कोहराम मचा है। थानाध्यक्ष शशांक कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। संवाद