चोरी की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स।
- फोटो : रमेश मिश्र
बस्ती। रविार की रात आवास विकास कालोनी में भीषण चोरी हो गई। चोरों ने आवास विकास स्थित एक ही मकान में रह रहे डॉक्टर, इंजीनियर और सेवानिवृत्त एसबीआई बैंक के मैनेजर के घर को खंगाल डाला। खास बात यह कि तीनों के घरों से चोर नकदी और जेवर ले गए हैं। इसके अलावा किसी अन्य सामान को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया है। चोरी बड़ी बताई जा रही है। मगर अभी तक किसी ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है, जिससे चोरी गए जेवर की कीमत और नकदी का पता नहीं चल पा रहा है।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर पीएन दुबे ने आवास विकास कालोनी के उत्तरी छोर पर दो मंजिला भवन बनवा रखा है। निचले हिस्से में वह खुद रहते हैं और ऊपर के तल पर दो किराएदार रहते हैं। एक डाक्टर अजय कुमार शुक्ल हैं तो दूसरे लुंबनी-दुद्धी मार्ग प्रोजेक्ट के इंजीनियर अमित चतुर्वेदी हैं। मकान मालिक की अनुपस्थिति में यही दोनों परिवार घर में रहते हैं। सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर दुबे इन दिनों गोंडा अपने गांव गए थे।
इधर शादी समारोह में शामिल होने के लिए डॉक्टर और इंजीनियर का परिवार भी शनिवार को मकान में ताला लगाकर बाहर चला गया। मकान को खाली पाकर और ताला लगा देखकर रविवार की रात चोरों ने इसे निशाना बनाया। गेट फांदकर मकान के भीतर घुसे चोरों ने इत्मीनान के साथ एक-एक कमरों को खंगाल डाला। उन्होंने आलमारी में रखे जेवर और नकदी को ही चुराया बाकी अन्य किसी वस्तु को हाथ नहीं लगाया। घटना की जानकारी मिलने पर मकान मालिक सहित दोनों किराएदार भी मौके पर पहुंचे, पर कौन सा और कितना जेवर व नकदी चोरी गया है, इसकी जानकारी नहीं दे सके। कोतवाल डीके श्रीवास्तव ने बताया कि चोरी हुई है। फोरेंसिक टीम ने भी जांच की है। तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।