ममेरी बहन की शादी में मां के साथ जा रहे युवक को पीटकर बदमाशों ने गहने और नगदी लूट ली। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
जरिया थाने के खेड़ाशीलाजीत गांव निवासी संतोष राजपूत पुत्र छत्रपाल के मामा कैंथा गांव निवासी सुखलाल की लड़की रिंकी की रविवार को शादी थी। संतोष मां सरोज के साथ बाइक से रात करीब आठ बजे शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। पीड़ित संतोष ने बताया कि जैसे ही वह गांव के नजदीक पहुंचे तभी पीछे से आ रहे तीन बाइक सवारों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने उसे पकड़कर मारापीटा।
इसके बाद बदमाशों ने उसकी मां के गले में पड़ा सोने का मंगलसूत्र, झुमकी, चेन और साढे़ नौ हजार रुपये लूट लिए। संतोष ने बताया कि करीब एक लाख रुपये के जेवरात थे। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। कोतवाल जगदेव प्रसाद यादव ने बताया कि बदमाशों की तलाश जारी है। वहीं सूत्रों के अनुसार पुलिस ने गांव के एक व्यक्ति के घटना में शामिल होने पर उसके घर में छापा मारा। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को घर में अवैध बंदूक मिली है।