बभनान के पास रेलवे ट्रैक पर युवक की कट कर मौत के बाद लगी भीड़।
बभनान(बस्ती)। गौर और बभनान रेलवे स्टेशनों के बीच कलादीन पुरवा के पास बृहस्पतिवार दोपहर ट्रेन से कटकर इंटर के छात्र की मौत हो गई। हादसा करीब तीन बजे अप रेलवे ट्रैक पर बांद्रा एक्सप्रेस से हुआ। पुलिस ने आधार कार्ड व मोबाइल नंबर से पहचान कराई। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
गौर थाना क्षेत्र के महेदिया खड़ग बहादुर शाही गांव निवासी शिव शंकर यादव का 17 वर्षीय पुत्र नीरज यादव गोंडा जिले के कोटखास कस्बे में इंटर में पढ़ रहा था। चचेरे भाई रविंदर यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार को नीरज विद्यालय नहीं गया था। दोपहर तक वह घर पर ही था।
करीब दो बजे किसी को कुछ बताए बगैर घर से निकला और कुछ देर बाद रेलवे ट्रैक पर लाश मिलने की सूचना आई। ट्रेन से कटकर मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। भाई ने बताया कि रेलवे लाइन और घर की दूरी लगभग सात किलोमीटर है। वह कैसे वहां गया? यह किसी की समझ में नहीं आ रहा है। जबकि उसका किसी से कोई झगड़ा या विवाद भी नहीं है।
वह पढ़ाई में काफी अच्छा था। इस घटना से परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक गौर ओपी यादव ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर मिले युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उसके पास से मिले आधार कार्ड एवं मोबाइल से पहचान कर परिजनों को सूचना दे दी गई है।