पुरानी बस्ती क्षेत्र में स्थित एक राइस मिल से एक ट्रक चावल कोलकाता पहुंचाने निकले ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उस पर रास्ते में चावल और ट्रक बेचकर फरार होने का मुकदमा दर्ज है। उस पर ढाई हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुरानी बस्ती पुलिस ने उसे दबोच लिया।
सोनहा थाना क्षेत्र के सगरा निवासी श्रीकांत ट्रक चलाता था। 2016 में उसके ट्रक पर एक राइस मिल से चावल लादा गया। इसको कोलकाता पहुंचाना था। मगर उसने रास्ते में ही चावल समेत ट्रक का सौदा कर लिया। गंतव्य तक माल नहीं पहुंचा तो पुलिस को तहरीर दी गई। पुरानी बस्ती पुलिस ने श्रीकांत के खिलाफ आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया। बुधवार को फोरलेन पर हड़िया के पास थानाध्यक्ष की अगुवाई में एसआई हरेकृष्ण उपाध्याय, सिपाही हृदयेश कुमार, विजय कुमार दीक्षित, मधुसूदन यादव, उमाशंकर सिंह आदि ने घेरेबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।