भानपुर। अहिरौली गांव में सोमवार रात दो समुदायों में मारपीट के बाद गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। रात में एएसपी पंकज ने दौरा किया। दोनों पक्षों की तहरीर पर आठ लोगों पर केस दर्ज किया गया है। दो को शांतिभंग में पाबंद करने के साथ तीन अन्य से मामले की पूछताछ भी की गई है।
सोनहा पुलिस ने एक पक्ष के विभूति तिवारी की तहरीर पर अजीज, उबेद, आमिर और रियाज पर तथा दूसरे पक्ष से मोहम्मद अजीज की तहरीर पर टिंकू, विभूति प्रसाद, मोनू और जग्गू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गांव के राम अशीष तिवारी और प्रदीप तिवारी को शांतिभंग में पाबंद किया गया है। आरोपी अजीज, आमिर और टिंकू को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ भी की है। विभूति प्रसाद तिवारी ने तहरीर में आरोप लगाया है कि सोमवार शाम गांव के भागीरथी निषाद का लड़का चंदन रास्ते से जा रहा था। आमिर पुत्र अजीज ने बाइक टकरा दी। उलाहना देने जब उसकी मां प्यारी देवी गईं तो गाली देते हुए मारपीट करने लगे। जबकि मोहम्मद अजीज ने तहरीर में आरोप लगाया कि उनका लड़का आमीर खान साइकिल से गांव में जा रहा था जो चंदन को लग गई। जिस पर सभी आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारापीटा। अन्य ग्रामीणों का कहना है विवाद के समय मंदिर पर आरती हो रही थी। जहां दोनों पक्षों की भीड़ जमा हो गई थी। किसी ने मंदिर के बाहर बनी दीवार के कोनों का प्लास्टर तोड़ दिया। इससे विवाद बढ़ गया। किसी ने धार्मिक स्थल तोड़ने की सूचना पुलिस को दे दी। मारपीट में अमरनाथ तिवारी, टिंकू और अजीज को चोट लगीं हैं। रात में ही एएसपी ने भी गांव का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन एक उपनिरीक्षक और दो सिपाहियों को तैनात कर दिया है।
अप्रैल में पड़ी थी विवाद की नींव
गांववालों की मानें तो दोनों समुदायों के बीच विवाद की नींव अप्रैल में पड़ गई थी। गांव के बाहर अपनी जमीन में शिव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा रामतीरथ तिवारी ने वर्षों पहले कराई थी। लेकिन निर्माण पूरा नहीं हो सका था। जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई। परदेश में कमा रहे गांव के युवाओं ने आपसी सहयोग से शिव मंदिर निर्माण का कार्य पूरा कराया। तभी दूसरे समुदाय के लोगों ने मंदिर के प्रवेश द्वार के सामने खलिहान की जमीन में पौधे लगाकर बाड़ बनाना शुरू कर दिया, जिसे लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने 29 अप्रैल को आमने-सामने हुए दोनों पक्षों से 19 लोगों को शांतिभंग में पाबंद कर दिया था। गांव के कुछ लोग दोनों समुदायों के वर्चस्व का मामला और जमीन विवाद बता रहे हैं। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक सोनहा शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। तीन आरोपियों को हिरासत में भी लिया गया है।
अहिरौली प्रकरण में कार्रवाई की मांग
सोनहा। थानाक्षेत्र के अहिरौली गांव में अराजकतत्वों की ओर से गांव का माहौल खराब करने का आरोप हियुवा नेताओं ने लगाया है। सोमवार को गांव में हुए विवाद की निंदा करते हुए जिला मंत्री जीतेन्द्र यादव ने सहयोगियों के साथ प्रभारी निरीक्षक सोनहा को ज्ञापन दिया। मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर तहसील महामंत्री अजय यादव, दुर्गेश भारतवंशी, लालेन्द्र भट्ट, अरुण कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त मिश्रा ने बताया कि चौकी प्रभारी असनहरा जांच कर रहे हैं। शांति व्यवस्था बनाने की जिम्मेदारी पुलिस की है।