बस्ती। दिल्ली के होटल हयात के बाहर गुंडागर्दी करने वाले आशीष पांडेय के दिल्ली के न्यायालय में समर्पण करने के बाद भी मामला बस्ती पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है। बुधवार को उसके यहां की अदालत में समर्पण करने की अफवाह पूरे दिन रही।
चर्चा रही कि बस्ती में मंगलवार रात को पूर्व बसपा सांसद राकेश पांडेय का पुत्र आशीष किसी लड़की को पहुंचाने आया था। इसीलिए सर्विलांस से उसकी यहां की लोकेशन मिलती रही। अधिकारियों में भी उहापोह रही लेकिन किसी को भी पुष्ट इनपुट नहीं मिला। एसपी दिलीप कुमार ने कह दिया कि उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। पड़ोसी जिले अंबेडकरनगर के पूर्व सांसद राकेश पांडेय की बस्ती जिले में कई रिश्तेदारियां होने की बात पता चलते ही दिल्ली पुलिस और यूपी एसटीएफ यहां टोह लेने लगीं। बुधवार को दिन भर चर्चा रही कि आशीष बस्ती में सरेंडर करेगा। आशीष का भाई रितेश पांडेय भी जलालपुर से बसपा का विधायक है।