एक ही परिवार की बच्चियों की मौत पर रोते विलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
गौर। थाना क्षेत्र के माझा मानपुर गांव के भुवालडीह पुरवे में एक माह में एक ही परिवार की चार बच्चियों की मौत हो गई। अज्ञात बीमारी की जानकारी भी नहीं हुई। सूचना के बाद भी स्वास्थ्य विभाग बेपरवाह बना हुआ है। इस तरह की घटना से गांव वालों में दहशत है।
माझा मानपुर भुवालडीह पुरवा निवासी इंद्रतेज यादव की लड़कियां थीं, लेकिन एक माह में एक के बाद एक सभी की अज्ञात बीमारी से मौत हो गई। पहली बच्ची अंतिमा (दो माह) की मौत 27 सितंबर को मुंह से झाग आने के बाद तत्काल हो गई थी। जबकि सोनू (2) की मौत 30 सितंबर को हो गई। इसी तरह सोनम (3) की मौत 19 अक्तूबर को और चौथी लड़की साक्षी (5) की मौत बृहस्पतिवार दोपहर घर के सामने खेलते समय बेहोश होकर गिर पड़ी। जब तक परिवार के लोग उसे आनन-फानन में गौर सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस तरह गांव में एक ही परिवार में हो रही घटना को लेकर ग्रामीण भयभीत हैं। वहीं लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से घटना के बारे में जांच कराए जाने की मांग की है। इस संबंध में जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौर के अधीक्षक आनंद कुमार मिश्रा से बात की गई तो बताया कि बच्चियों की मौत की सूचना मिली है। पांच दिन पहले गांव में स्वास्थ विभाग की टीम को जांच के लिए भेजा गया था, लेकिन अभी तक मौत के कारणों की स्पष्ट रिपोर्ट नहीं मिल पाई है।