निजी नर्सिंग होम की हुई जांच, ओटी सीज
एसीएमओ की जांच में भर्ती मिले दो मरीज
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। शहर के कैली मार्ग पर स्थित एक निजी नर्सिंग होम पर एसीएमओ डॉ. सीएल कन्नौजिया ने छापे की कार्रवाई कर जांच की। इस दौरान अस्पताल के अभिलेख कब्जे में लेकर उन्होंने आपरेशन थियेटर (ओटी) सील कर दिया। अस्पताल के संचालक को तीन दिन में संपूर्ण अभिलेख के साथ तलब किया है।
सोनहा थाना क्षेत्र निवासी एक गर्भवती की आपरेशन के बाद हुई मौत को संज्ञान में लेकर गुरुवार को सीएमओ डॉ. जेएलएम कुशवाहा के निर्देश पर एसीएमओ टीम के साथ करीब 11 बजे निजी नर्सिंग होम पर छापे की कार्रवाई कर जांच शुरू कर दी। इस दौरान मौके पर नर्सिंग होम में दो मरीज मिले, जिनका आपरेशन हुआ था और वे स्वस्थ थे। इसके बाद एसीएमओ ने अभिलेखों को जांच की। हालांकि अभिलेखों में कहीं भी गर्भवती की मौत से पहले इलाज का कोई ब्योरा नहीं मिला। हालांकि एसीएमओ अभिलेखों को अपने साथ ले आए। चलते-चलते एसीएमओ ने ओटी को सीज कर दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मियों को नर्सिंग होम संचालक को संदेश देने का निर्देश दिया कि तीन दिन के अंदर संपूर्ण अभिलेख उपलब्ध कराएं।
एसीएमओ डॉ. सीएल कन्नौजिया ने बताया कि इस मामले में कहीं कोई शिकायत आदि नहीं हुई है, मगर जानकारी के बाद डीएम डॉ. राजशेखर ने इस मामले को संज्ञान में लिया है। उनके निर्देश पर सीएमओ की ओर से यह कार्रवाई की गई है। एसीएमओ ने बताया कि इस मामले में डीएम व एसपी को शव के पोस्टमार्टम के लिए पत्र लिखा जा रहा है।