कच्ची शराब का गढ़ छावनी थाना क्षेत्र के छतौना गांव के माझा में पुलिस व एसओजी की संयुक्त छापामारी शनिवार को की। धंधेबाज एक भी पकड़ में नहीं आ सके लेकिन 200 लीटर कच्ची शराब बरामद किया गया और भट्ठियों पर चढ़ाई गई पंद्रह ड्रम शराब व 15 क्विंटल लहन नष्टकिया गया। कच्ची शराब को पहुंचाने में उपयोग होने वाली बाइक को भी पुलिस ने बरामद कर लिया। सप्ताह भर में ताबड़तोड़ तीन बार छापामारी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
स्पेशल टास्क फोर्स के एसआई ब्रम्हानन्द गौड, विजय कुमार कांसटेबिल बुद्धेश कुमार, प्रमोद तिवारी के साथ चौकी प्रभारी जयप्रकाश दूबे, अवधेश मद्धेशिया, नरेन्द्र गुप्ता, विजय प्रकाश शनिवार सुबह गांव में पहुंच गए। पुलिस को देखते ही वहां भगदड़ मच गई। इसके बाद टीम ने कई छप्परों व झाड़ियों में तलाशी अभियान शुरू किया तो कच्ची शराब के अलावा उपकरण व भट्ठियां धधकती पाई गईं, जिसे टीम ने नष्ट कर दिया। लगातार कार्रवाई के बाद भी कच्ची शराब के धंधेबाजों की कारगुजारी बंद न होने को लेकर उच्चाधिकारियों के माथे पर बल पड़ने लगा है। अब पुलिस उच्चाधिकारी व आबकारी विभाग इसकी समीक्षा में जुट गया है कि आखिर काले धंधे पर रोक क्यों नहीं लग पा रही है!