कोरोना टीकाकरण सुरक्षित, वंचित अवश्य लगवाएं
बस्ती। जिले में कोरोना टीकाकरण में 18 वर्ष या उससे ऊपर के लोगों का लक्ष्य 104 प्रतिशत तक पहुंच गया है, मगर अब भी 12 से 14 व 15 से 17 वर्ष के बच्चों का लक्ष्य पूरा नहीं हो सका है। यही हाल बीमार व बुजुर्गों का है। प्रीकॉशन डोज का ग्राफ मात्र 14 फीसदी का आंकड़ा छू सका है। ऐसे में जब कोरोना का संक्रमण एक बार फिर से सिर उठाने लगा है। हर दिन कोरोना संक्रमित केस आ रहे हैं। ऐसे में इससे बचाव का एकमात्र उपाय टीकाकरण है। अमर उजाला ने टीकाकरण अभियान को लेकर प्रशासनिक अधिकारी, जन प्रतिनिधि, धर्मगुरुओं तथा राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक से बातचीत की।
-----
टीका ही कोरोना से बचाएगा : सीडीओ
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राजेश कुमार प्रजापति ने कहा कि सभी को कोरोना का टीका लगवाना चाहिए। कोरोना से बचाव का यही एकमात्र विकल्प है। ऐसे में जिन्हें अब तब टीका नहीं लगा है वे कोरोना से जंग की मुहिम में अपना योगदान देते हुए टीकाकरण कराएं।
------
स्वयं लगवाएं टीका, दूसरों को भी करें प्रोत्साहित
राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक सर्वेष्ट मिश्र ने कहा कि वर्तमान में फिर से कोविड वायरस के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे ही मानवता को फिर से ऐसी विषम स्थिति से न गुजरना पड़े इसलिए सभी को कोविड टीकाकरण व बूस्टर डोज को स्वयं तो लेना ही चाहिए बल्कि अपने आस पास के लोगों को भी अधिक से अधिक लोगों को टीकाकरण के लिए प्रोत्सहित करना चाहिए।
-----
कोरोना संक्रमण से बचाएगा टीका : पं. सरोज मिश्र
हिंदूओं के धर्मगुरु पं. सरोज मिश्र ने कहा कि कोरोना संक्रमण मानवता के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। यह एक बार फिर से सिर उठाने लगा है। ऐसे में सबकी जिम्मेदारी है कि वह खुद इससे बचने के लिए टीकाकरण कराए। इससे कोई वंचित न रहे इसके लिए सबको जागरूक करें। यह टीका कोरोना संक्रमण से बचाएगा। यदि आसपास किसी वंचित की जानकारी मिले तो तत्काल उसे केंद्र पर भेज दें।
--
लगवाएं टीका खुद रहें सुरक्षित परिवार की भी करें सुरक्षा
शिया समुदाय के धर्मगुरु हुसैनी जामा मस्जिद गांधी नगर के इमाम अली हसन ने कहा कि कोरोना संक्रमण किसी जाति धर्म को देख कर नही आता है। कोरोना टीकाकरण को लेकर कोई भ्रांति नहीं है। ऐसे में सभी से अपील है कि जो अब तक टीका से वंचित हैं वे टीकाकरण जरूर कराएं। खुद सुरक्षित रहें परिवार को भी सुरक्षित रखें।
---
टीकाकरण का कवच करें धारणा
पोखरनी गांव के प्रधान प्रेमनाथ निषाद ने कहा कि उनके गांव में 99 प्रतिशत लोगों को टीका लग गया है, मगर अब भी कई ऐसे लोग हैं जिन्होंने प्रीकाशन डोज नहीं ली है। ऐसे में अपील है कि स्वयं सुरक्षा डोज लगवाएं, जिससे जीवन सुरक्षित रहे। आसपास के वंचित लोग भी टीका लगवाकर सुरक्षा का यह कवच पहन लें, जिससे कोरोना से सुरक्षित रहें।