सीएमओ आफिस के लिपिकों की कार्य प्रणाली पर सवाल
बस्ती। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने सीएमओ कार्यालय के लिपिकों को कटघरे में खड़ा करते हुए कार्य में लापरवाही का आरोप लगाया है। एसोसिएशन ने लंबित कार्यों की सूची भी सीएमओ को भेजी है। चेतावनी दी है कि सप्ताह भीतर इसका निस्तारण न हुआ तो संगठन आंदोलन करेगा।
संगठन के सचिव शैलेंद्र राय की ओर से सीएमओ को लंबित कार्यों की जो सूची दी गई है। उसमें समय से वेतन प्राप्त न होना, एनपीएस का नंबर आवंटित होने के बाद भी कटौती न होना, एसीपी के प्रार्थना पत्रों को लंबित रखना, एनपीएस का फार्म न भेजा जाना, सर्विस बुक व जीपीएफ पासबुक पूरा न होना, हर कार्य के लिए लिपिकों की ओर से सुविधा शुल्क की मांग करना, बजट के बावजूद चिकित्सा प्रतिपूर्ति का भुगतान न होना तथा डीए एरियर का भुगतान न होना शामिल है। संगठन सचिव ने सीएमओ से मांग की है कि व्यक्तिगत रुचि लेकर लंबित कार्यों को तत्काल कराएं। अन्यथा ऐसी स्थिति में सीएमओ कार्यालय पर संगठन धरना प्रदर्शन करेगा। संगठन सचिव ने आरोप लगाया कि कार्यालय के लिपिकों के मनमाने रवैए के कारण स्थिति बिगड़ रही है। ऐसे में अब आर-पार का संघर्ष करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। सीएमओ डॉ. चंद्रशेखर ने कहा कि अभी फार्मासिस्ट एसोसिएशन का कोई पत्र नहीं मिला है। वैसे प्रयास है कि यह मामला जल्द से जल्द सुलझा लिया जाए।