श्रद्धापूर्वक याद किए गए डॉ. भीमराव आंबेडकर
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले भर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास से मनाई गई। उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन कर याद किया गया। प्रशासन की ओर से आयुक्त सभागार व कलक्ट्रेट में कार्यक्रम आयोजित कर बाका साहब के कृतित्व पर प्रकाश डाला गया।
आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में डॉ. आंबेडकर को याद किया गया। मंडलायुक्त ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के आदर्शों और विचारों पर प्रकाश डाला। कहा कि डाॅ. भीमराव आंबेडकर ने सर्वसमाज के हितों को ध्यान में रखते हुए सबको सम्मान और व न्याय दिलाने का कार्य किया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है। इस मौके पर अपर आयुक्त प्रशासन राजीव पांडेय, संयुक्त विकास आयुक्त पदमकांत शुक्ल, प्रशासनिक अधिकारी संतोष पांडेय आदि मौजूद रहे।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सीडीओ जयदेव सीएस, एडीएम कमलेश चंद्र, सीआरओ संजीव ओझा एसडीएम रामकृष्ण चौधरी व कलक्ट्रेट के कर्मचारियों ने डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। एडीएम कमलेश चंद्र ने बाबा साहब के कृतित्व पर प्रकाश डाला।
मानिकचंद प्रतिनिधि के अनुसार भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 133 वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। बाबा साहब के अनुयायियों ने क्षेत्र के दर्जनों स्थानों से बाइक, कार व रथ से प्रभात फेरी निकाली। क्षेत्र के भादी खुर्द पड़ाव, सिसवारी, पड़िया खास, अमौली, नरियॉव, परसा हज्जाम, दरौली, बॉगडिह, महुँड़र सहित अन्य स्थानों पर मेले का आयोजन किया गया।
विक्रमजोत प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के वैद्य बड़ेरिया गांव स्थित रामराजी पटेश्वर शिक्षण संस्थान के बच्चों ने रविवार को संविधान शिल्पी डाॅ. भीम राव आंबेडकर जयंती पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। शुभारम्भ जिला पंचायत सदस्य आदित्य प्रताप पाण्डेय व बीआरसी के एनपीआरसी नंदलाल ने किया। कार्यक्रम में पांचवीं की छात्राओं ने बाल विवाह कानून अपराध है का मंचन और आठवीं की छात्राओं ने चक दे इंडिया गीत पर विभिन्न कलाओं के माध्यम से राष्ट्रीय प्रतीकों का मंचन किया। इस दौरान प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने छात्र छात्राओं को शील्ड और अंकपत्र देकर सम्मानित किया गया।
सल्टौआ प्रतिनिधि के अनुसार डॉ. आंबेडकर जयंती पर भिरिया , पिटाउट , तुरकौलिया , हसनापुर , देईपार , रमवापुर बाबू , खरहरा , कंथुई , पडरी , गोरखर आदि गावों से लोगों ने रैली निकाल कर जगह जगह सभा कर उनके जीवन पर प्रकाश डाला और उनके आदर्शो पर चलने का संकल्प लिया।
छावनी प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे में बाबा साहब डॉ. आंबेडकर की जयंती पर प्रभात फेरी व सामूहिक जुलूस निकला गया। खजुरी गांव के भगवानदीन के नेतृत्व में, मल्लू पर से विजयसेन के नेतृत्व में पूरे हेमराज से तुलसीराम के नेतृत्व जितियापुर से शिव लाल बौद्ध के नेतृत्व मे बुझौकापुर से राम नयन के नेतृत्व में चर्थी से गणेश के नेतृत्व में चौकड़ी गांव से सरजू प्रसाद के नेतृत्व में मलौली गोसाई तथा पचवस से फूलचंद और प्रकाश कुमार के नेतृत्व में छावनी बाजार तक जुलूस निकला गया।
कलवारी प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के बुद्ध विहार भोयर में डॉ भीमराव अंबेडकर की 133 वीं जयंती सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ बड़े धूमधाम से मनाई गई। मुख्य अतिथि शशिकांत गौतम ने बाबा साहब के विचार पर प्रकाश डाला। कहा कि हम सभी को उनके बताते हुए मार्ग पर चलकर समाज में व्याप्त कुरीतियां को मिटाना चाहिये। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा से ही समाज में व्याप्त असमानता को दूर किया जा सकता है इसके लिए हम लोगों को निरंतर प्रयास करना चाहिए।
टिनिच प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के बजहिया, अर्जुन बीरो,बेलवाडाड, व चेतरा ग्राम पंचायत में संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती मनाई गयी। लोगो उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उनके कृत्य को याद किया गया आयोजक गुलाब चन्द्र ने कहा की उन्हें संविधान निर्माता इसलिए कहा जाता है, क्योंकि भारतीय संविधान के निर्माण में उनका अमूल्य योगदान रहा। साथ ही दलित समाज के लिए भी बाबा साहब ने महत्वपूर्ण कदम उठाए।
रुधौली प्रतिनिधि के अनुसार आंबेडकर युवा वाहिनी की अध्यक्षता में प्रभात फेरी निकाली गई। जुलूस भानपुर तिराहे पर स्थित बौद्ध विहार से निकल कर कस्बे में भ्रमण किया। ऑल इंडिया दलित एक्शन कमेटी के तरफ से मुडा़डीहा उर्फ गोपालपुर बुद्ध विहार पर जयंती को धूमधाम से मनाए। प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने कहा बाबा साहब कहते थे कि शिक्षा व शेरनी की दूध है जिसको ग्रहण करने के बाद मनुष्य दहाड़ने लगेगा।
हरैया प्रतिनिधि के अनुसार 133वीं जयंती पर मुरादीपुर स्थित बुद्ध विहार में विशाल मेले का आयोजन हुआ।आसपास गावों के हजारों लोग गाजे बाजे के साथ ट्रॉली व अन्य वाहनों पर सवार होकर नाचते गाते और बाबा साहब अमर रहे के नारे लगाते हुए मेला स्थल पहुंचे। लोगो ने परिसर में लगी बाबा साहब की मूर्ति पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर नमन किया। अनुयाइयों में पंचशील ग्रहण कराया और प्रसाद वितरण हुआ। मुख्य अतिथि अयोध्या में जनरल सर्जन डॉ. विपिन कुमार ने सभी का आह्वान किया कि वह बाबा साहब के दिखाए रास्ते पर चलकर ही समाज और राष्ट्र को मजबूत करें।
बनकटी प्रतिनिधि के अनुसार रविवार को बनकटी, देईसाड़, खोरिया, इटहर बानपुर, सजहरा, कमोखर, सिंसई, नगरपंचायत कार्यालय,चंद़ नगर, मथौली , प्राथमिक विद्यालय देवमी आदि गांवों वार्डो में डॉ. आंबेडकर प्रतिमा व चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर याद किया गया। नगर पंचायत के कृष्णा नगर वार्ड में नव निर्मित आंबेडकर पार्क का उद्घाटन हुआ।