बस्ती। थाना नगर क्षेत्र के पुरैना कटया स्थित एसपी ऑटोह्वील्स प्राइवेट लिमिटेड के शोरूम में मंगलवार की दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब हिसाब-किताब कराने पहुंचे एक व्यक्ति ने मौके का फायदा उठाकर करीब 30 लाख रूपये कीमत का टाटा 5532 ट्रक लेकर भाग गया।
एजेंसी के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी भृगुनाथ त्रिपाठी ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि कलवारी थानाक्षेत्र के लोनहा निवासी प्रदीप चौधरी मंगलवार को दोपहर पुरानी गाड़ी का हिसाब कर बाहर निकले। डिलीवरी के लिए अंदर खड़े नए ट्रक चेचिस पर प्रदीप चौधरी चढ़ गया और उसे स्टार्ट कर गेट की ओर बढ़ गया। गेट पर गार्ड ने रोकने की कोशिश की तो आरोपी ट्रक से उतरकर खुद गेट खोलने लगा और कथित तौर पर गोली मारने की धमकी देते हुए मां-बहन की गालियां बकते हुए ट्रक लेकर निकल गया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोरूम प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। एसओ विश्वमोहन राय ने बताया कि केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।