कोतवाली क्षेत्र के मूड़घाट स्थित कुआनो घाट की घटना, युवकों की हो रही तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर से सटे कोतवाली क्षेत्र के मूड़घाट स्थित कुआनो नदी के घाट पर रविवार शाम नाव से सैर करने निकले चार दोस्त नाव पलटने से पानी में जा गिरे। दो युवक एक दूसरे की मदद से किसी तरह बाहर निकल आए। नाविक भी बाहर आया, लेकिन वह वहां से खिसक लिया। दो युवक नदी में लापता हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता युवकों की तलाश कराने में जुट गई।
कोतवाल शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि नाव की मदद से सर्च का दायरा बढ़ाकर तलाश कराई जा रही है। बताया जा रहा है कि विजय कुमार (25), रौता निवासी वैभव लाला (22) के साथ मूड़घाट निवासी छोटू (21) व कटरा पेट्रोल पंप के पास के रहने वाले पंकज कुमार (23) रविवार शाम मूड़घाट कुआनो नदी पर एक साथ पहुंचे। यहां चारों ने एक नाव सैर करने के लिए ली। नाविक के साथ चारों नदी में पहुंचे। कुछ दूर जाने पर अचानक नाव डगमगाने के बाद पलट गई। इसी बीच छोटू व पंकज नदी में कूद गए। छोटू को बचाकर पंकज नदी के बाहर निकल आया। वहीं नाविक बाहर निकलने के बाद मौके से खिसक गया। दो अन्य युवक विजय कुमार व वैभव लाला का पता नहीं लग सका। इधर सूचना पर कोतवाली पुलिस के साथ आसपास मौजूद लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश में जुटी है।