बहुरेंगे हाट-बाजार के दिन, दुरुस्त होंगी सड़कें
बस्ती। जिले के हाट-बाजार के दिन बहुरने वाले हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की कई जर्जर सड़कों को भी दुरुस्त किया जाएगा। इन कार्यों पर करीब 37 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अधिकांश कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। जल्द ही काम शुरू हो जाएगा।
जिला पंचायत में पहले से ही 11.13 करोड़ रुपये 15वें वित्त का अवशेष धन पड़ा हुआ है। करीब 11 करोड़ रुपये व्यय करने के लिए भी मार्च में टेंडर हो चुका था, लेकिन कोरोना की दूरी लहर के चलते लगे लॉकडाउन ने बाधा खड़ी कर दी थी। इससे हालात सामान्य हो ही रहे थे कि पंचायत चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू हो गई। दूसरी तरफ 15 करोड़ रुपये शासन से और प्राप्त हो गए। इस प्रकार करीब 37 करोड़ रुपये से नए जिला पंचायत अध्यक्ष की निगरानी में विकास का खाका खींचना शुरू कर दिया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही फोरलेन, स्टेट और नेशनल हाईवे के किनारे आमजन के ठहराव वाली जगहों पर सार्वजनिक शौचालय, पार्किंग, जलपान गृह व अन्य जनसुविधाओं को स्थापित करने का अवसर तो मिलेगा ही, साथ में एक गांव से दूसरे गांव को जोड़ने के लिए सड़कें, पुलिया व अन्य विकास कार्यों को पूर्ण करवाने का मौका मिलेगा। हाईवे से सटे बाजार, कस्बों, प्रमुख चौराहों व बस अड्डों पर जनउपयोगी केंद्रों को स्थापित करने का अवसर मिलेगा।
शासन की गाइडलाइन के अनुसार सभी कार्यों का टेंडर हो चुका है। कुछ परियोजनाओं पर काम शुरू करा दिया गया है।
- विकास कुमार मिश्र, अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत